नगर निगम मोड़ पर दो बाइक की भिड़ंत, अधेड़ गंभीर रूप से घायल, दूसरा चालक हुआ फरार

नगर निगम कार्यालय मोड़ के पास दो बाइक की हुई जबरदस्त टक्कर में अधेड़ घायल हो गया. वहीं घटना के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया. इधर घायल को एम्स रेफर कर दिया गया.

By ASHISH KUNDAN | May 25, 2026 9:29 PM

वरीय संवाददाता, देवघर . नगर थाना क्षेत्र के बिजली ऑफिस के बगल स्थित नगर निगम कार्यालय मोड़ के समीप दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में जसीडीह थाना क्षेत्र के गिधनी गांव निवासी शंभू चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद आसपास कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिये एम्स रेफर कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर निगम कार्यालय मोड़ के समीप दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गयीं. टक्कर इतनी तेज थी कि शंभू चौधरी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. वहीं दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति घटना के तुरंत बाद बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को टोटो पर बैठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों ने फरार बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.