पुरानी जलापूर्ति योजना चालू किये जाने के लिए पाइप लाइन की करायी मरम्मत

मधुपुर: भीषण गर्मी में जल संकट गहराया, लीकेज और तकनीकी खामियों से शहर में पानी की आपूर्ति बाधित

By BALRAM | May 27, 2026 8:07 PM

मधुपुर. भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ड्राई जोन क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जहां लोगों को पेयजल के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. इस स्थिति को देखते हुए पुरानी जलापूर्ति योजना को फिर से चालू करने के लिए पाइपलाइन की मरम्मति की गयी है. बताया जा रहा है कि नयी जलापूर्ति योजना का कार्य जुडको द्वारा पूरी तरह से बंद पड़ा है. इसके चलते मोहनपुर घाट स्थित पतरो नदी में बना कुआं धंस गया, जिससे उसमें बालू भर गया है. जुडको द्वारा नदी किनारे स्थित मोटर रूम से पानी को फिल्ट्रेशन प्लांट के संप हाउस तक पहुंचाया गया. यहां से जलापूर्ति के लिए एक गैलन पाइप की आवश्यकता थी, जिसे जामताड़ा से मंगाकर लगाया गया. इसके बाद मोटर चलाकर परीक्षण किया गया, लेकिन जगह-जगह पाइप लीकेज होने के कारण पानी शहर तक नहीं पहुंच सका. अधिकारियों के अनुसार लीकेज पाइपों की मरम्मति का कार्य जारी है और अगले दो-चार दिनों में शहर में पानी आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है. पूर्व वार्ड पार्षद शबाना परवीन ने कहा कि शहरवासियों को जुडको से जो उम्मीदें थीं, वे टूटती नजर आ रही हैं.उन्होंने कहा कि पुरानी जलापूर्ति योजना को फिर से चालू करने के लिए पाइपलाइन की मरम्मति की गयी है, ताकि जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल हो सके.