Deoghar news : स्मार्ट हेलमेट से अब अस्पताल, पुलिस स्टेशन व परिजनों को दुर्घटना की मिलेगी सूचना

टेकिनोवा-2026 का देवघर के निजी होटल में आयाजन. डीएवी के विद्यार्थियों के अलावा, बीआइटी रांची व देवघर के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा.

By AJAY KUMAR YADAV | April 17, 2026 7:17 PM

वरीय संवाददाता, देवघर . टेकिनोवा-2026 में गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला की छात्राओं ने एआइ आधारित स्मार्ट हेलमेट का अनूठा सुझाव देकर सबका ध्यान आकर्षित किया. स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के साथ-साथ बीआइटी मेसरा रांची और बीआइटी देवघर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने अपने-अपने मॉडल और इनोवेटिव आइडिया प्रस्तुत किये.

डीएवी भंडारकोला की छात्राओं साक्षी कुमारी, अनन्या एंजल, अनुप्रिया सिंह, वैष्णवी व आयुषी कुमारी की टीम ने एआइ स्मार्ट हेलमेट का मॉडल पेश किया, जिसमें सड़क दुर्घटना होने पर हेलमेट स्वतः नजदीकी अस्पताल, पुलिस स्टेशन और परिजनों को सूचना भेजेगा. इस तकनीक से दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को समय पर इलाज मिल सकेगा. मॉडल की प्रस्तुति पर टीम को फर्स्ट रनर-अप का खिताब व 7000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया. यह आयोजन बूट कैंप शैली में हुआ, जिसका उद्देश्य युवाओं के इनोवेटिव आइडिया में सहयोग करना था. कार्यक्रम के जरिये झारखंड में स्टार्टअप के नये विचारों को बढ़ावा देना था, जिसमें एसटीपीआइ देवघर की भी भूमिका अहम रही. मौके पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि भी थे. विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि विज्ञान में नये विचार समाज की प्रगति का माध्यम है. कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी.

हाइलाइटर:

टेकिनोवा-2026 में डीएवी की छात्राओं ने पेश किया माॉडल

एआइ स्मार्ट हेलमेट मॉडल को कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सराहा

एआइ स्मार्ट हेलमेट के मॉडल पर डीएवी की छात्राओं को फर्स्ट रनर-अप का खिताब, 7000 रुपये पुरस्कार मिला

एआइ स्मार्ट हेलमेट से अस्पताल व परिजनों तक तत्काल पहुंचेगी दुर्घटना की सूचना