एसपी ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को बतायी प्राथमिकता, कम्युनिटी पुलिसिंग पर जोर

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध व अन्य मसलों पर पुलिस पदाधिकारियों के साथ चर्चा की.

By ASHISH KUNDAN | May 16, 2026 10:57 PM

वरीय संवाददाता, देवघर . पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में शुक्रवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी प्रवीण पुष्कर ने जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा व यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिये. बैठक में अड्डेबाजी, मादक पदार्थ, वाहन चोरी, डकैती, पॉक्सो मामले, डायल-112 सेवा और कम्युनिटी पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया.

एसपी ने बैठक में समन तामिला के निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए विगत पांच वर्षों से लंबित पुराने मामलों की समीक्षा की गयी. सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिये. चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को भी कहा. एसपी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्रवाई की जाये, साथ ही डायल-112 सेवा की प्रभावशीलता बढ़ाने और वाहन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में श्रावणी मेला तैयारी की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये. मौके पर सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी व पुलिस कार्यालय के कर्मी मौजूद थे.

हाइलाइटर

॰जिले के सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक, एसडीपीओ, डीएसपी व विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी अपराध गोष्ठी में शामिल हुए

॰एसपी ने वाहन चोरी, डकैती, महिला अपराध, एससी-एसटी एक्ट व पॉक्सो मामलों की समीक्षा कर त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया

॰साइबर अपराधों की रोकथाम और उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित कर नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया

॰ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए हेलमेट चेकिंग अभियान और ड्रिंक एंड ड्राइव जांच को प्रभावी ढंग से चलाने पर दिया जोर