Deoghar news : मीना बाजार में रंगदारी के खिलाफ दुकानदार हुए एकजुट, अपराधियों का करेंगे विरोध

मीना बाजार में दुकानदारों से रंगदारी मांगने और धमकी देने की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ रविवार को दुकानदारों ने एकजुट होकर सख्त रुख अपनाने का निर्णय लिया

By ASHISH KUNDAN | April 13, 2026 9:33 PM

वरीय संवाददाता, देवघर. मीना बाजार में दुकानदारों से रंगदारी मांगने और धमकी देने की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ रविवार को दुकानदारों ने एकजुट होकर सख्त रुख अपनाने का निर्णय लिया. शाम पांच बजे नीम पेड़ के नीचे दुर्गा माता मंदिर के पास आयोजित बैठक में सभी ने स्पष्ट कहा कि न तो वे भयभीत होंगे और न ही रंगदारी देंगे. बल्कि संगठित होकर विरोध और प्रतिकार करेंगे. बैठक में हाल की घटना का जिक्र करते हुए बताया गया कि दुकानदारों की हिम्मत और एकता के कारण दो अपराधियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था. इस घटना को उदाहरण मानते हुए सभी ने आगे भी इसी तरह एकजुट रहने पर जोर दिया. बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष नारायण टिबडेवाल ने की. इस दौरान उपाध्यक्ष ममता द्वारी, संजय बरनवाल, राजेश केसरी, दिलीप बरनवाल, पंकज गुप्ता, पप्पू राज, प्रमोद केसरी, अनूप केसरी, संजय केसरी, राजन कुमार, शिवम बरनवाल, प्रदीप गुप्ता, मनोज खोवाला, पिंकू गुप्ता, महादेव अग्रहरि और सुबोध गुप्ता समेत कई दुकानदार उपस्थित थे. संघ के सचिव संजय बरनवाल ने कहा कि सभी दुकानदार एकजुट रहकर ऐसे तत्वों का मुकाबला करेंगे और किसी भी हाल में रंगदारी नहीं देंगे.