एडीआरएम ने देवघर स्टेशन में यार्ड लाइन व वाशिंग पिट का किया निरीक्षण

आसनसोल अवर मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण कुमार प्रेम शुक्रवार को देवघर स्टेशन पहुंचे. श्रावणी मेले से पहले यार्ड लाइन को चालू कराने को लेकर अपनी टीम के साथ निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिये.

By DINKAR JYOTI | May 22, 2026 10:22 PM

संवाददाता, देवघर . देवघर स्टेशन नया इतिहास रचने जा रहा है. यहां यार्ड लाइन व वाशिंग पिट दोनों बन कर तैयार है. इसमें लंबी दूरी की गाड़ियों की साफ – सफाई होगी. शुक्रवार को आसनसोल अवर मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण कुमार प्रेम ने देवघर स्टेशन पहुंचकर कार्यों को देखा. श्रावणी मेले से पहले यार्ड लाइन को चालू कराने को लेकर अपनी टीम के साथ जायजा लिया. श्रीप्रेम आसनसोल डिवीजन की टीम के साथ दिन के लगभग दो बजे देवघर स्टेशन पहुंचे और लगभग ढाई घंटे तक ठहरे. इस दौरान वाशिंग पिट व अन्य कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया. एडीआरएम प्रवीण ने बताया कि देवघर स्टेशन में यार्ड लाइन बनाया गया है. वाशिंग पिट में ट्रेनों की सफाई होगी. इसके अतिरिक्त अन्य यार्ड लाइन भी बिछायी गयी है, जहां लंबी दूरी की गाड़ियां रुकेगी और उसके रखरखाव पर ध्यान दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि यार्ड का विस्तार होने से ट्रेनों का परिचालन सुविधाजनक तरीके से होगा. उन्होंने इसे जल्द चालू करने हेतु वाशिंग पिट में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिये. मौके पर आसनसोल डिवीजन के सभी विभागों के सीनियर ऑफिसर, देवघर स्टेशन प्रबंधक दिनकर कुमार झा, देवघर स्टेशन के सभी विभागों के सुपर वाइजर मौजूद थे.