करौं. प्रखंड के 137 स्कूलों में कार्यरत सरकारी शिक्षक एवं सहायक अध्यापकों की ऑनलाइन टीएनए परीक्षा बुधवार से उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसकुपी में प्रारंभ हो गयी. यह परीक्षा तीन दिनों तक चलेगी. शिक्षकों की गुणवत्ता के आकलन के उद्देश्य से आयोजित इस परीक्षा का परिणाम ऑनलाइन प्रकाशित किया जायेगा. परीक्षा के सफल संचालन को लेकर बीइइओ अमिताभ झा एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप मोदी ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान बीइइओ ने तैनात सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का संचालन पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाये. परीक्षा केंद्र पर एमआईएस को-ऑर्डिनेटर इरशाद आलम समेत अन्य कर्मियों को तैनात किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है और इसके लिए अतिरिक्त कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है. परीक्षा का आयोजन दोनों पालियों में किया जा रहा है. मौके पर इरशाद आलम, संकुल साधन सेवी उदय कुमार राय, राकेश राय, दयानंद सिंह, आनंद प्रकाश सिंह, मो. सत्तार, सुदीप चक्रवर्ती, पंकज स्वर्णकार, राहुल दास आदि मौजूद थे.