Deoghar News : मेयर के 12 तो पार्षद पद के 122 दावेदारों ने कटवायी नाजिर रसीद, पहले दिन एक भी नामांकन नहीं

निकाय चुनाव को लेकर दूसरे दिन से गहमागहमी तेज हो गयी है. मेयर पद के लिए अपर समाहर्ता कार्यालय परिसर व वार्ड पार्षद पद के लिए अनुमंडल कार्यालय के बाहर नाजिर रसीद कटवाने के लिए गुरुवार को भीड़ लगी रही.

By AMARNATH PODDAR | January 29, 2026 7:39 PM

संवाददाता, देवघर : निकाय चुनाव को लेकर दूसरे दिन से गहमागहमी तेज हो गयी है. मेयर पद के लिए अपर समाहर्ता कार्यालय परिसर व वार्ड पार्षद पद के लिए अनुमंडल कार्यालय के बाहर नाजिर रसीद कटवाने के लिए गुरुवार को भीड़ लगी रही. कई दावेदार अपने समर्थकों के साथ नाजिर रसीद कटवाने पहुंचे थे. इस दौरान अनुमंडल कार्यालय व समाहरणालय परिसर में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. दोनों जगहों पर बेरिकेडिंग लगा दिया गया है व पुलिस की तैनाती कर दी गयी है. प्रत्याशी नामांकन के लिए वाहनों के साथ बैरिकेडिंग के पास नहीं पहुंच सकते हैं. गुरुवार को अपर समाहर्ता कार्यालय में देवघर नगर निगम में मेयर पद के लिए पांच लोगों ने नाजिर रसीद कटवायी है. इसमें रवि कुमार राउत, गौरव कुमार सिंह, सुनील कुमार गुप्ता, नीलेश कुमार गुप्ता व बजरंगी महथा ने नाजिर रसीद कटवायी है. पहले दिन एक भी मेयर प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है. अब तक कुल 12 लोगों ने नाजिर रसीद कटवायी है. दूसरी ओर देवघर नगर निगम में वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 122 लोगों ने नाजिर रसीद कटवायी है. गुरुवार को वार्ड पार्षद पद के लिए एक भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया.