प्रतिनिधि, मोहनपुर. मोहनपुर थाना क्षेत्र के चित्रपोका गांव में गुरुवार को अपहरण और फिरौती वसूली की सनसनीखेज घटना सामने आयी. अपराधियों ने गांव के तिजारत अंसारी नामक युवक का अपहरण कर परिजनों से फिरौती वसूले जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि आधा दर्जन अपराधियों ने गांव की दुकान के समीप से युवक को अपने कब्जे में ले लिया और बाद में परिजनों को फोन कर दो लाख रुपये फिरौती की मांग की.
अपराधियों ने पैसे नहीं देने पर युवक की हत्या कर देने की भी धमकी दी. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गयी. परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ इधर-उधर से पैसे जुटाकर एक लाख साठ हजार रुपये अपराधियों तक पहुंचाया. इसके बाद अपराधियों ने युवक को सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के मधुबन जंगल में छोड़ दिया और फरार हो गये. सूचना पर एसडीपीओ अशोक कुमार व थाना प्रभारी सालो हेंम्ब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया.