सारठ बाजार. प्रखंड क्षेत्र के फुलचुवां गांव में सोमवार को नवनिर्मित बजरंगबली मंदिर में प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य एवं आकर्षक कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में 151 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ भाग लिया. कलश यात्रा नवनिर्मित बजरंगबली मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए गांव स्थित जोरिया पहुंची. वहां आचार्य कार्तिक राजहंस, पंडित रिंकू मिश्रा, चंद्रकिशोर मिश्रा एवं बच्चू मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य यजमान कंचन कुमार भोक्ता एवं उनकी पत्नी स्वाति देवी से विधि-विधानपूर्वक देवी-देवताओं का आवाहन कर पूजा-अर्चना कराई तथा कलश में जल भरवाया. जलभरा कलश यात्रा पुनः गांव का भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण पहुंची. इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर जय श्री राम, जय बजरंगबली और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए. श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया. आयोजकों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के दौरान अखंड हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा. वहीं प्रतिदिन शाम को आरती, हनुमान चालीसा पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा. मौके पर अशोक भोक्ता, परेश चंद्र भोक्ता, निरंजन भोक्ता, रंजीत भोक्ता, युधिष्ठिर राय, रामकुमार मिश्रा, राजकिशोर भोक्ता, प्रवीर भोक्ता मौजूद थे. — सारठ के फुलचुवां में नवनिर्मित बजरंगबली मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित