Deoghar News : जनता दरबार में आयीं भू-अर्जन, पेंशन और म्यूटेशन की समस्याएं, डीसी ने दिये त्वरित निष्पादन के निर्देश

जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर डीसी शशि प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को जनता दरबार में लोगों से रू-ब-रू हुए.

By Sanjeet Mandal | May 22, 2026 9:08 PM

प्रमुख संवाददाता, देवघर : जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर डीसी शशि प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को जनता दरबार में लोगों से रू-ब-रू हुए. इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन, आवास योजना तथा राजस्व से जुड़े मामलों को प्रमुखता से रखा. जनता दरबार में कई आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागों द्वारा समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों पर डीसी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का भौतिक सत्यापन कर समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें. म्यूटेशन और भू-अर्जन के मामलों के लिए कैंप लगायें. म्यूटेशन से जुड़े लंबित मामलों पर डीसी ने अपर समाहर्ता के माध्यम से सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करें और एक सप्ताह के अंदर प्रतिवेदन समर्पित करें. वहीं भू-अर्जन मामलों के निष्पादन के लिए पंचायतवार कैंप लगाने का निर्देश दिया. दूसरी ओर बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नियमित कैंप आयोजित करने को कहा गया, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके. जनता दरबार में कार्यपालक दंडाधिकारी ओम प्रियदर्शी, एडीएसएस सरिता भारती, एडीपीआरओ रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.