आपदा मामलों के लंबित केस जल्द निपटायें : अपर समाहर्ता

अपर समाहर्ता हीरा कुमार का सारठ अंचल कार्यालय में औचक निरीक्षण, खामियों पर लगी फटकार

By MITHILESH SINHA | May 20, 2026 10:22 PM

सारठ. अपर समाहर्ता हीरा कुमार ने बुधवार को सारठ अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान अंचल कार्यालय के विभिन्न संचिकाओं व पंजी का अवलोकन किया. संचिकाओं में अवलोकन के दौरान पाई गयी खामियों को लेकर उन्होंने संबंधित कर्मियों को जमकर फटकार लगाते हुए यथाशीघ्र सुधार करने का निर्देश दिया. साथ ही आपदा से जुड़े मामलों में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए सभी लंबित मामलों का यथाशीघ्र जांच कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया, जिससे पीड़ित को समय पर उचित सरकारी लाभ मिल सके. एडीसी ने जनकल्याण से जुड़े अन्य कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए कर्मियों को निर्देश दिया. पूछे जाने पर पत्रकारों से कहा कि अंचल से जुड़े कार्यों एवं खामियों को दूर कर समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए औचक निरीक्षण किया गया. नियमित निरीक्षण से कार्यों में गति मिलती है. वहीं, कर्मियों को भी काम आ रही परेशानियों को दूर करने का उचित मार्गदर्शन मिलता है. मौके पर सीओ कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा, अंचल निरीक्षक विभाष कुमार, सहायक ओमप्रकाश मंडल, महालाल मुर्मू, राजस्व उपनिरीक्षक मुकेश मुर्मू, संजय मिश्रा आदि मौजूद थे.