सिमरिया. टंडवा में जय मां अंबे रोड लाइन द्वारा प्रस्तावित ट्रांसपोर्टिंग सड़क निर्माण के विरोध में चल रहे आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. शुक्रवार को एसडीओ प्रदीप कुमार ने आंदोलनकारियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं. आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी बिना अनुमति सरकारी जमीन पर सड़क निर्माण कर रही है और जबरन कार्य शुरू करना चाहती है. उनका कहना था कि सड़क बनने से ग्रामीणों को प्रदूषण और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य बंद नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा. एसडीओ ने आश्वासन दिया कि मामले को उपायुक्त के समक्ष रखा जायेगा तथा टंडवा अंचलाधिकारी से जांच करायी जायेगी. जांच पूरी होने तक सड़क निर्माण कार्य बंद रहेगा. उन्होंने ग्रामीणों से शांति और विधि-व्यवस्था बनाये रखने की अपील की. वार्ता के बाद आंदोलनकारी धरनास्थल पहुंचे और बैठक कर एसडीओ के संदेश से अन्य ग्रामीणों को अवगत कराया. इसके बाद चार दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन समाप्त करने का निर्णय लिया गया. धरनास्थल से प्रशासन द्वारा कुर्सी, दरी और अन्य सामान हटाये जाने को लेकर रैयतों में नाराजगी है. उन्होंने इस मामले को लेकर न्यायालय जाने की चेतावनी दी है. मौके पर विनोद बिहारी शरण, देवंती देवी, सुबेश राम, उपेंद्र यादव, खेमन राम, जितेंद्र सिंह, सुभाष दास, विनोद राम, भुवनेश्वर महतो, अनिल तुरी, सुरेंद्र ठाकुर, नारायण ठाकुर समेत अन्य उपस्थित थे.