चाईबासा. चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से गुरुवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. उक्त कार्यक्रम चेंबर के पूर्व अध्यक्ष व आजीवन ट्रस्टी नितिन प्रकाश के नगर परिषद अध्यक्ष निर्वाचित होने और कार्यकारिणी सदस्य विकास शर्मा के वार्ड पार्षद बनने के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ. दोनों जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि चेंबर से उनका जुड़ाव बहुत पुराना और आत्मीय है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष बनने के साथ चेंबर के सदस्यों की जिम्मेदारी बढ़ गयी है. उन्होंने स्वच्छता, यातायात और व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार में सभी से सामूहिक प्रयास करने की अपील की, ताकि चाईबासा को एक आदर्श शहर बनाया जा सके.