Bokaro News : डोजर ग्रेडर मशीन की चपेट में आने से श्रमिक घायल, रेफर

Bokaro News : कथारा क्षेत्र के कथारा कोलियरी की माइंस में घटी घटना

By MANOJ KUMAR | March 6, 2026 12:59 AM

Bokaro News : प्रतिनिधि, कथारा. सीसीएल कथारा क्षेत्र अंतर्गत कथारा कोलियरी माइंस के कोयला स्टॉक संख्या-6 आरओएम कोयला लोडिंग प्वाइंट के समीप मुख्य डोजर ग्रेडर मशीन की चपेट में आने से कथारा वाशरी के श्रमिक मो युनूस (50 वर्ष) बुरी तरह घायल हो गये. उनका बायां पैर टूट गया एवं हाथ व माथे पर गंभीर रूप से चोटें आयी हैं. वहीं घटना में मो युनूस की बाइक(जेएच 09क्यू-4269) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. घटना बुधवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है. लोग घायल श्रमिक को तत्काल उठा कर कथारा क्षेत्रीय अस्पताल ले गये, जहां डॉ एसएस शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकेंट अस्पताल, चास(बोकारो) रेफर कर दिया. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गत बुधवार को प्रथम पाली में लोडिंग प्वाइंट-6 के समीप मुख्य सड़क पर ग्रेडर मशीन से ऑपरेटर मो नसीम खान सड़क को समतल करने का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान श्रमिक मो युनूस अपने घर असनापानी से कथारा मुख्य चौक के रास्ते अपनी ड्यूटी पर कथारा वाशरी जा रहे थे. वह ज्योहिं लोडिंग प्वाइंट के पास पहुंचा एवं आगे निकल जाना चाहा, तभी वह ग्रेडर मशीन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ऑपरेटर मो नसीम ग्रेडर मशीन को घटना स्थल से वापस डोजर सेक्शन ले गये और वहां खड़ा कर दिया. घटना के बाद जब लोग उनका पीछा करते हुए डोजर सेक्शन आये और उन्हें खोजने लगे तो वे वहां से भी निकल गये. इस संबंध में पीओ रंजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना होने की जानकारी मिलने पर जब ऑपरेटर मो नसीम खान से पूछताछ की गई तो उन्होंने ऐसी घटना से इंकार किया. बावजूद प्रबंधन अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रहा है. दोषी पाए जाने पर नियम संगत विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जायेगी. इधर, लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर सीसीएल सीकेएस क्षेत्रीय सचिव राजू स्वामी ने परियोजना पदाधिकारी से सेल गाड़ियों की लोडिंग के लिए अलग से वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है.