Bokaro News : क्षतिग्रस्त तीन ब्लॉक को ध्वस्त करने का काम शुरू

Bokaro News : बीएसएल प्रबंधन की ओर से क्षतिग्रस्त घोषित तीन ब्लॉक को ध्वस्त करने का काम शुरू किया गया.

By JANAK SINGH CHOUDHARY | May 27, 2026 11:45 PM

बीएसएल प्रबंधन की ओर से बुधवार को सेक्टर-12 में क्षतिग्रस्त घोषित तीन ब्लॉक (12E/2001-2018) को ध्वस्त करने का काम शुरू किया गया. तीनों ब्लॉक पहले ही खाली करा लिया गया था. नगर प्रशासन विभाग की देख-रेख में इसे ध्वस्त किया जा रहा है. बीएसएल के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने बताया कि सेक्टर 12 के कुछ अन्य ब्लॉक भी क्षतिग्रस्त घोषित किये जा चुके हैं. इनमें रह रहे लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट होने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है. यह सुरक्षा की दृष्टिकोण से आवश्यक है. सेक्टर 12 के चिह्नित 142 ब्लॉक को खाली करा कर ध्वस्त कराने की योजना प्रबंधन की है. इसकी शुरुआत तीन ब्लॉक के साथ हो गयी. नगर प्रशासन (सिविल) विभाग के अनुसार, जर्जर चिह्नित किये गये ब्लॉक में रहना सुरक्षित नहीं है.

सेक्टर 12 और 06 के 161 आवासीय ब्लॉक किये गये हैं क्षतिग्रस्त

मालूम हो कि प्रबंधन ने सेक्टर 12 और 06 के 161 आवासीय ब्लॉकों को क्षतिग्रस्त और जर्जर घोषित किया है. इन्हें खाली करा कर ध्वस्त करने की योजना बनायी गयी है. इन ब्लॉकों की सीढ़ियां और छतें गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. प्रबंधन के अनुसार, जर्जर ब्लॉक में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. इनमें रहने वाले लोगों को चरणबद्ध तरीके से निकाला जा रहा है. नियमित कर्मचारियों को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है. कई पूर्व कर्मी और स्थानीय ””””आवास बचाओ संघर्ष समिति”””” प्रबंधन द्वारा क्वार्टर खाली कराने के फैसले का विरोध कर रहे हैं.