Bokaro News : वन विभाग की टीम पर हमला, लकड़ी तस्करों को ले गये ग्रामीण

Bokaro News : दो लकड़ी तस्करों को छुड़ाने के लिए तुलबुल गांव के ग्रामीणों ने वनकर्मियों पर लाठी, डंडा और पत्थर से हमला कर दिया.

By JANAK SINGH CHOUDHARY | February 28, 2026 12:37 AM

दो लकड़ी तस्करों को छुड़ाने के लिए तुलबुल गांव के ग्रामीणों ने वनकर्मियों पर लाठी, डंडा और पत्थर से हमला कर दिया. इससे पांच वनकर्मी घायल हो गये. इनका इलाज सीएचसी गोमिया में चल रहा है. विभाग की तीन गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गयी. घटना गुरुवार की रात लगभग 10 बजे की है. तेनुघाट वन प्रक्षेत्र के प्रभारी वनपाल अजीत कुमार मुर्मू ने बताया कि रात लगभग नौ बजे हमलोग ललपनिया के आसपास थे. पिंडरा गांव में हाथियों के झुंड के आने की सूचना मिली. हमलोग टीम लेकर वहां जा रहे थे. लुगु पहाड़ घाटी मुख्य सड़क पर कई तस्कर जंगल से भारी मात्रा में लकड़ी काट कर बाइक में लोड कर रहे थे. हमलोगों काे देखकर जंगल की ओर भागने लगे. पीछा कर दो तस्करों को पकड़ा और लकड़ी लदी दो बाइक को जब्त किया. तस्करों और जब्त लकड़ी व बाइक लेकर तेनुघाट वन प्रक्षेत्र कार्यालय जा रहे थे. तुलबुल गांव के पास लगभग 35 से ज्यादा लोगों ने सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर रख कर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया. हमलोग की गाड़ियां के वहां पहुंचते ही हमला कर दिया. इसमें कई महिलाएं भी थीं. तोड़फोड़ व मारपीट की और दोनों तस्करों को भी जबरदस्ती छुड़ाकर ले गये. जब्त बाइक को भी गाड़ी से उतार कर ले जाने का प्रयास किया.

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई व सुरक्षा की लगायी गुहार

घटना को लेकर वनकर्मियों में आक्रोश है. रात लगभग गोमिया, तेनुघाट तथा पेटरवार प्रक्षेत्र के लगभग वन कर्मी गोमिया थाना में जमा हुए और लिखित शिकायत दर्ज करा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की. साथ ही वन विभाग के वरीय अधिकारियों से भी कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सुरक्षा की गुहार

लगायी. कहा कि अगर विभाग द्वारा सुरक्षा मुहैया नहीं कराया गया और

दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गयी तो आंदोलन किया जायेगा. गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो और सीओ आफताब आलम देर रात अस्पताल पहुंच घायलों से मिले तथा

दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का वनकर्मियों को भरोसा दिया.