Bokaro News : दोहरे हत्याकांड में दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा

Bokaro News : 22 मई 2019 को नावाडीह थाना क्षेत्र के पारसबनी में हुई थी महेंद्र व सुकरी की हत्या

By MANOJ KUMAR | May 26, 2026 12:47 AM

Bokaro News : संवाददाता, बोकारो. अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम बोकारो दीपक वर्णवाल की अदालत ने सोमवार को नावाडीह दोहरे हत्याकांड में दोषी गोविंद महतो व बैजनाथ महतो को आजीवन कारावास की सजा सुनायी. दोनों पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया. घटना 22 मई 2019 को नावाडीह थाना क्षेत्र के पारसबनी में घटी. आम के पेड़ के विवाद में दोषियों ने महेंद्र महतो व सुकरी देवी की मारपीट कर हत्या कर दी थी. घटना के दिन महेंद्र मकान में पानी पटाकर लौट रहा था. बाहर सूचिका मीना देवी बैठी थी. इस बीच दोषियों ने लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर से महेंद्र पर हमला कर दिया. भैंसूर पर हमला होते देख मीना ने शोर मचाया, तो बबलू व सुकरी देवी बचाव में आये. दोषियों ने उन्हें भी मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. जख्मी महेंद्र व सुकरी को इलाज के लिए बीजीएच में भर्ती कराया गया. गंभीर स्थिति देख बेहतर इलाज के लिए सुकरी को रिम्स रेफर कर दिया गया. इलाज के क्रम में 25 मई 2019 को बीजीएच में महेंद्र की मौत हो गयी, जबकि दो जून 2019 को रिम्स में सुकरी ने भी दम तोड़ दिया.