Bokaro News : सांसद ने कहा-बोकारो से जल्द शुरू होगी उड़ान

Bokaro News : धनबाद सांसद ने कहा कि बोकारो से जल्द उड़ान शुरू होगी.

By JANAK SINGH CHOUDHARY | April 28, 2026 11:33 PM

बोकारो एयरपोर्ट से जल्द उड़ान शुरू होगी. जरूरत होने पर जनांदोलन होगा. लेकिन, बोकारो के विकास से कोई समझौता नहीं होगा. यह बातें धनबाद सांसद ढुलू महतो ने मंगलवार को बोकारो परिसदन में प्रेस वार्ता के दौरान कही. कहा कि आरोप-प्रत्यारोप से हट कर बोकारो के विकास में योगदान देने की जरूरत है. अगर केंद्र की मंशा बोकारो एयरपोर्ट को संचालित करने की नहीं रहती, तो एक सौ करोड़ रुपये क्यों खर्च कर देती. बोकारो एयरपोर्ट में उड़ान में देरी को लेकर यदि केंद्र सरकार की गलती है, तो राज्य को पहल करनी चाहिए. अगर दोष राज्य सरकार का है तो, उसे दूर करना चाहिए. सर्वदलीय बैठक होनी चाहिए. सभी विभागों के पदाधिकारियों को बैठक में बुलाया जाये. सारा मामला साफ हो जायेगा.

दलगत भावना से उपर उठ कर सहयोग करें सभी विधायक

सांसद ने कहा कि बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने के लिए दलगत भावना से उठ कर काम करना होगा. जिला के चार विधायक राज्य सरकार में शामिल हैं. सांसद भाजपा के हैं. सभी मिलकर प्रयास करें, तो उड़ान जल्द शुरू होगी. विधायकों को अन्य सभी काम के लिए समय मिल जाता है, लेकिन एयरपोर्ट के लिए समय नहीं मिल रहा है. किसी का नाम लिये बिना कहा कि कोयला, टेंडर, बालू, लोहा के लिए सभी के पास समय है. लेकिन, बोकारो एयरपोर्ट को लेकर समय नहीं है. कौन नहीं जानता है कि बेरमो से बालीडीह कोयला आता है. सांसद ने कहा कि बोकारो से उड़ान शुरू हो, इसके लिए डीसी को पहल करनी होगी. बीएसएल अगर एमओयू समेत अन्य काम नहीं कर रहा है, तो उसका भी जवाबदेही तय होगी. भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज ने कहा कि बोकारो एयरपोर्ट को लेकर व्यापक आंदोलन होगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीरभद्र सिंह, दिलीप श्रीवास्तव, अशोक कुमार पप्पू, एंजेला सिंह, राम किंकर पांडेय, अमर स्वर्णका, श्याम गुप्ता भी मौजूद थे.