एसपी नाथू सिंह मीणा ने शुक्रवार को चीरा चास और पिंड्राजोरा थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि जनता की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए. 24 घंटे मोबाइल ऑन रखें. हर कॉल को अटेंड करें. कॉल छूट जाने पर रिवर्स कॉल कर जानकारी लें. थाना आने में असमर्थ लोगों के पास खुद जायें. क्षेत्र में लगातार गश्त करें. संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध वस्तु को लेकर सतर्क रहें. जनता के साथ बैठक कर समस्याओं को समझें और निराकरण करें. इससे पूर्व एसपी ने थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, थाना की सफाई व सीरिस्ता के कार्यों की समीक्षा की. पदाधिकारियों से जरूरी कार्य को लेकर पूछताछ करते हुए कई दिशा-निर्देश दिये. लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार व कुर्की का समय पर निष्पादन का निर्देश दिया. पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन से संबंधित मामलों को समयबद्ध निष्पादन करने को कहा गया. सप्ताह में एक दिन थाना दिवस कार्यक्रम करने को लेकर सख्त आदेश दिया. मौके पर चास एएसपी वेदांत शंकर, चीरा चास थाना प्रभारी रवि नारायण झा, दिलीप टुडू, केसी सुंडी आदि मौजूद थे.