Bokaro News : निगम क्षेत्र के सभी अवैध निर्माण होंगे नियमित

Bokaro News : चास नगर निगम क्षेत्र के सभी अवैध निर्माण नियमित होंगे.

By JANAK SINGH CHOUDHARY | June 6, 2026 12:25 AM

चास नगर निगम क्षेत्र के सभी अवैध निर्माण नियमित होंगे. इसके लिए नगर विकास विभाग के मार्गदर्शन के अनुसार विशेष अभियान चलाया जायेगा. इस संबंध में निगम कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को मेयर भोलू पासवान की अध्यक्षता में बैठक हुई. निगम क्षेत्र में बने जिन मकानों का नक्शा अब तक स्वीकृत नहीं हुआ है, उसकी जांच कर सूची तैयार करने को लेकर चर्चा हुई. बैठक में नगर निगम के पदाधिकारी, टाउन प्लानर, विभिन्न व्यवसायिक संगठनों व स्वयं सहायता समूह के पदाधिकारी तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि ने भी अपने विचार रखे. कहा गया कि निगम क्षेत्र में बने ऐसे सभी भवनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियमित कराया जा सकता है, जिनका नक्शा स्वीकृत नहीं है. मेयर ने कहा कि ऐसे लोग 25 जून तक नक्शा स्वीकृत कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लें. अपर नगर आयुक्त ने बताया कि झारखंड नगर पालिका अधिनियम 2011 के प्रावधानों के तहत यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है. भवनों के नक्शे की स्वीकृति व नियमितिकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन की जायेगी. इसके लिए आवश्यक जानकारी नगर निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध है. बैठक में डिप्टी मेयर पूजा कुमारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार व सहायक नगर आयुक्त स्मिता किरण भी उपस्थित थे.