बीएसएल के मैनेजर के घर में लगी आग, घर का सारा सामान राख

घटना के समय बाजार गए थे गृहस्वामी, धुआं देखकर पड़ोसियों ने दी सूचना

By Prabhat Khabar News Desk | May 20, 2024 12:21 AM

बोकारो.

बोकारो स्टील प्लांट के एसएमएस वन विभाग के मैनेजर गौरव आनंद के सेक्टर 4D आवास संख्या 2120 में रविवार की देर रात अचानक आग लग जाने से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया. लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. घटना की सूचना पाकर बोकारो स्टील ऑफिसर एसोसिएशन( बोसा) के अध्यक्ष एके सिंह व महासचिव एके पांडे पहुंचे और गृहस्वामी से घटना की जानकारी ली. क्वार्टर में आग लगने के बाद पूरे ब्लॉक में कुछ घंटे के लिए अफरातफरी का माहौल रहा. सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची अग्निशमन की दो गाड़ियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो गया था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएसएल अधिकारी गौरव आनंद शाम के समय मार्केट गए हुए थे. रात लगभग 08:30 बजे के करीब उनके क्वार्टर से पड़ोसियों ने धुआं निकलता देख उन्हें सूचना दी. श्री आनंद जब तक क्वार्टर पहुंचे, तब तक आग फैल चुकी थी. फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. अग्निशमन के दो वाहन घटना स्थल पर पहुंचे और कुछ घंटे में आग पर काबू पाया. तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो गया था. गौरव आनंद ने बताया : शाम लगभग 6:30 बजे के आस-पास वह बाजार गए थे. लगभग एक-डेढ़ घंटे बाद पड़ोसियों ने सूचना दी उनके घर से धुआं निकल रहा है. वह सब कुछ छोड़-छाड़ कर तुरंत क्वार्टर पर पहुंचे. घर का मुख्य दरवाजा खोला तो देखा कि पूरा धुआं भरा हुआ है, तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. बताया : काफी नुकसान हुआ है. घर का एसी, बेड, अलमीरा सहित सब कुछ जलकर राख हो गया. कुछ भी नहीं बचा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है