Bokaro News : बोकारो थर्मल. बोकारो थर्मल के नूरी नगर स्थित डीवीसी के ऐश पौंड से हजारीबाग के समीप नेशनल हाइवे के निर्माण कार्य में छाई लेकर जा रहे हाइवा को घंटों नया बस्ती के पहले कुछ युवकों ने रोक दिया और चालकों से छाई का चालान भी छीनकर भाग गये. युवकों ने बोकारो थर्मल–नरकी सड़क मार्ग से छाई लदे हाइवा को ले जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी है. बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह लगभग आठ बजे डीवीसी के नूरी नगर स्थित ऐश पौंड से पांच हाईवा छाई लेकर हजारीबाग के समीप नेशनल हाइवे के सड़क निर्माण कार्य में जा रहे थे. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बस्ती से ठीक पहले बाइक से दो युवकों ने सभी हाइवा को सड़क किनारे रोककर छाई का चालान छीन लिया और गाली देते हुए इस सड़क मार्ग से छाई लेकर जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी. सभी वाहन चालकों ने हाइवा को सड़क किनारे खड़ा कर छाई का उठाव करनेवाली कंपनी के सुपरवाइजर को सूचना दी. सभी वाहन चालक दोपहर एक बजे तक उसी स्थान पर वाहनों को खड़ा रखे, लेकिन छाई का उठाव करनेवाली कंपनी, डीवीसी या थाना से कोई पदाधिकारी उनकी सुधि लेने नहीं आया. बाद में कुछ लोगों की पहल पर सभी वाहनों को भेजा जा सका.