Bokaro News : टीटीपीएस के ठेका मजदूरों ने किया आंदोलन

Bokaro News : टीटीपीएस प्लांट में ठेका मजदूरों ने टूल डाउन आंदोलन किया.

By JANAK SINGH CHOUDHARY | February 4, 2026 11:13 PM

ठीकेदार मजदूर यूनियन (एटक), ललपनिया के बैनर तले चरणबद्ध आंदोलन के तहत बुधवार को टीटीपीएस प्लांट में टूल डाउन आंदोलन किया गया. विदित हो कि जनवरी माह में सहायक श्रमायुक्त के यहां हुई बैठक में सहमति बनने के बाद भी मजदूर रामनाथ महतो, धीरेन प्रसाद और प्रदीप कुमार को पुनः गेट पास निर्गत नहीं होने पर यूनियन ने प्रबंधन को 30 जनवरी को पत्र लिख कर चरणबद्ध आंदोलन करने की जानकारी दी थी. इसके तहत 31 जनवरी को स्लो डाउन और बुधवार को टूल डाउन हड़ताल की गयी. गुरुवार को प्लांट के मुख्य मार्ग में सामूहिक सत्याग्रह किया जायेगा. यूनियन की ओर से बताया गया कि टूल डाउन आंदोलन असरदार रहा. महासचिव इफ्तेखार महमूद, सचिव डेगलाल महतो, मुकुंद साव, जगेश्वर शर्मा, झल्लू हांसदा, राम किशुन मांझी, फूलचंद सोरेन आदि ने इसके लिए मजदूरों को धन्यवाद दिया.

स्थानीय विस्थापित बेरोजगारों ने किया सत्याग्रह का विरोध

इधर, यूनियन की ओर से गुरुवार को प्लांट मुख्य मार्ग में आहूत सामूहिक सत्याग्रह आंदोलन का स्थानीय विस्थापित बेरोजगारों ने बुधवार को बैंक मोड़ के पास जमा होकर विरोध किया. इस बाबत महाप्रबंधक को पत्र भी प्रेषित किया है. इसमें कहा है कि यह आंदोलन स्थानीय शांति व्यवस्था को प्रभावित करता है और परियोजना के वास्तविक हितधारकों के अधिकारों पर सीधा आघात है. विस्थापित परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जा रही है.