Bokaro News : नियमित बिजली आपूर्ति को लेकर चीराचास मुख्य पथ को किया जाम

Bokaro News : आधे घंटे बिजली रहती है तो चार घंटे गायब

By MANOJ KUMAR | May 25, 2026 1:18 AM

Bokaro News : प्रतिनिधि, चास. चास नगर निगम के चीराचास वार्ड सात स्थित वास्तु विहार प्रोजेक्ट-4 के सैकड़ों लोगों ने रविवार की रात को नियमित बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर चीराचास मुख्य पथ जाम कर दिया. लगभग एक घंटा रहे जाम में गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी. आपसी सहमति से लोगों ने जाम को हटाया और सोमवार को उपायुक्त , बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को लिखित आवेदन देने का निर्णय लिया. स्थानीय निवासी राकेश चक्रवर्ती, एसएन सिंह, अमित कुमार, राजेश चौधरी, मंटू सिंह, विजय शंकर तिवारी, संतोष सिंह, संजीव तिवारी, सुबोध शर्मा, अमित कुमार सहित अन्य ने कहा कि हमलोग पिछले कई दिनों बिजली समस्या से जूझ रहे है. आधे घंटे बिजली रहती है तो चार घंटे गायब हो जाती है. लगातार बिजली बाधित रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई, पानी की आपूर्ति सहित दैनिक कार्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है. जल्द से जल्द ट्रांसफॉर्मर और खराब तार को बदला जाये. कहा यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो एनएच-32 को जाम कर दिया जायेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन, संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की होगी.