Giridih News : शराब दुकान के सेल्समैन के पिटाई मामले में भाजयुमो जिलाध्यक्ष समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज

मकतपुर रोड स्थित कंपोजिट शराब दुकान में रविवार रात हुई थी मारपीट की घटना

By MANOJ KUMAR | May 26, 2026 11:07 PM

Giridih News : मकतपुर रोड स्थित कंपोजिट शराब दुकान में रविवार रात हुई थी मारपीट की घटना प्रतिनिधि, गिरिडीह. नगर थाना क्षेत्र के मकतपुर रोड स्थित कंपोजिट शराब दुकान में रविवार रात सेल्समैन से गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट मामले में पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी उर्फ नुनू समेत तीन नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. नुनू ने अपने समर्थकों के साथ दुकान में घुसकर सेल्समैन की पिटाई कर दी थी. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. नगर थाना पुलिस ने कर्बला रोड निवासी घायल सेल्समैन विक्की कुमार सिंह के फर्दबयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. विक्की ने पुलिस को बताया कि दुकान के भीतर पहले उनके साथ गाली-गलौज की गयी, उसके बाद बेरहमी से मारते-पीटते हुए दुकान से बाहर सड़क तक घसीटा गया. आरोप है कि सड़क पर भी आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें बुरी तरह पीटा और अधमरा हालत में छोड़ दिया. मारपीट के दौरान विक्की बेहोश होकर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. नगर थाना में इस बाबत कांड-118/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी उर्फ नुनू, मंगल सिंह और मिथुन राम को नामजद आरोपी बनाया गया है. वहीं, 10-15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और दर्ज बयान के आधार पर जांच की जा रही है. कहा कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.