चास, चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या छह में कच्ची-जर्जर सड़क, पेयजल व स्ट्रीट लाइट की समस्या लंबे समय से बनी हुई हैं. वार्ड की आबादी लगभग 16 हजार है. जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 07 हजार है. 2020 में नगर निगम बोर्ड भंग हो गया था. इसके बाद छह साल से निगम प्रशासक की देखरेख में काम हो रहा है. लेकिन आजतक इस वार्ड क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ. वार्ड के पिनरगड़िया से सोलागीडीह तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो गयी है. सड़क किनारे नाली का भी निर्माण नहीं कराया गया है. इस सड़क को बनाने के लिए दर्जनों बार स्थानीय लोगों ने निगम कार्यालय में आवेदन दिया है. लेकिन लोगों को सिर्फ आश्वासन ही मिला. जलापूर्ति भी काफी कम समय के लिए होती है. वार्ड के कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है. लोगों ने कहा कि समस्याएं जस की तस बनी हुई है.