Bokaro News: मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं करें सुनिश्चित : उपायुक्त

Bokaro News: उपायुक्त ने चास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय के निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की.

By ANAND KUMAR UPADHYAY | February 17, 2026 10:39 PM

बोकारो, नगर पालिका चुनाव के सफल व शांतिपूर्ण संचालन को लेकर मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. डीइओ ने निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी को मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, रैंप, साफ-सफाई व सुरक्षा की समुचित व्यवस्था समय रहते पूर्ण कर ली जाये. मतदान केंद्र संख्या 23/02-01, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय चास के निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने प्राचार्य को तत्काल विद्यालय परिसर, शौचालय व पेयजल व्यवस्था की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को साफ-सफाई की निगरानी का निर्देश दिया. डीसी ने मतदान केंद्र संख्या 22/03-02, प्राथमिक विद्यालय कुंवर सिंह कॉलोनी व मतदान केंद्र संख्या 19/01 आदर्श विद्या मंदिर डंकु नगर चास आदि का भी निरीक्षण किया. मतदान केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की. संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक डॉ अतुल कुमार चौबे, बीडीओ चास प्रदीप कुमार, सीओ चास राम सेवा राम, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.