चास, चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 34 में नाली निर्माण, कचरा उठाव, जलापूर्ति सहित अन्य समस्याएं वर्षों से बनी हुई है. वार्ड की आबादी लगभग 15 हजार है. जबकि मतदाताओं की संख्या करीब छह हजार है. इस वार्ड में भवानीपुर, कुशलबांधा, आसनसोल, हरला साइड सहित अन्य विस्थापित क्षेत्र है. 2015 से यह क्षेत्र चास नगर निगम से जुड़ा पर 10 वर्षों से वार्ड क्षेत्र में रहने वाले मूलभूत समस्या से जूझ रहे हैं. 2020 में नगर निगम बोर्ड भंग हो गया था. इसके बाद छह साल से निगम प्रशासक की देखरेख में काम हो रहा है. पूरे वार्ड क्षेत्र के लगभग दर्जनों गलियों में अभी तक नालियों का निर्माण नहीं हुआ है.
स्थानीय निवासी पंकज सिंह, अजय झा, अनादि केवर्त, धर्मेंद्र पाल, प्रकाश सहित अन्य ने कहा कि वार्ड संख्या 34 विस्थापित क्षेत्र है, इसलिए यहां की सड़कें चौड़ी है. फिर भी निगम प्रशासन नाली निर्माण करने में रुचि नहीं दिखाता है. नाली निर्माण नहीं होने से बारिश में लोगों को बहुत ज्यादा परेशानी होती है. वार्ड क्षेत्र के मुस्लिम मोहल्ला, केदार दास नगर, महतो मोहल्ला के सभी गलियों में अभी तक जलापूर्ति योजना का पाइपलाइन विस्तार नहीं किया गया है. जिससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाता है. लोगों को चापाकल का सहारा लेना पड़ता है. गर्मी में पानी के लिए लोगों को काफी संघर्ष करना पड़ता है. मेंटेनेंस के अभाव में बहुत से स्ट्रीट लाइट भी खराब हो गयी है. साथ ही अभी कई महत्वपूर्ण जगहों पर लाइट नहीं लगायी है. रात में लोगो को आवागमन करने में बहुत परेशानी होती है.