Bokaro News: समाचार पत्रों, टीवी चैनलों व सोशल मीडिया की हो रही सतत मॉनिटरिंग

Bokaro News: नगर पालिका चुनाव को लेकर स्थापित मीडिया कोषांग में प्रत्याशियों की हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर, भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पर विशेष निगरानी.

By ANAND KUMAR UPADHYAY | February 16, 2026 10:38 PM

बोकारो, नगर पालिका चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से सूचना भवन में मीडिया कोषांग स्थापित किया गया है. यह कोषांग 24×7 सक्रिय रहकर टीवी चैनलों, समाचार पत्रों व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सतत मॉनिटरिंग कर रहा है. सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

मीडिया कोषांग का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन संबंधी समाचारों, प्रचार-प्रसार गतिविधियों, आचार संहिता के अनुपालन व प्रत्याशियों की ओर से किये जा रहे प्रचार-प्रचार पर पैनी नजर रखना है. जिला प्रशासन की ओर से प्रत्याशियों की प्रत्येक सार्वजनिक गतिविधि, विज्ञापन, भाषण, पोस्टर, बैनर व डिजिटल प्रचार सामग्री की जांच की जा रही है, ताकि आदर्श आचार संहिता का पूर्णतः पालन सुनिश्चित हो सके.

किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं : डीसी

किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या फेंक न्यूज पाये जाने पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीइओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, आचार संहिता उल्लंघन या अवैध प्रचार-प्रसार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें.