Bokaro News : सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही सतत उत्पादन व संगठन की प्रगति की आधारशिला : अधिशासी निदेशक

Bokaro News : बीएसएल के एसएमएस-न्यू विभाग की ओर से सड़क व कार्यस्थल सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम, सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने और प्रत्येक परिस्थिति में सतर्क रहने का आह्वान.

By ANAND KUMAR UPADHYAY | January 29, 2026 11:25 PM

बोकारो, बीएसएल में सड़क व कार्यस्थल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने व ‘सुरक्षा सर्वप्रथम’ की भावना को कार्य संस्कृति में प्रभावी रूप से आत्मसात करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम हो रहे हैं. एसएमएस-न्यू विभाग की ओर से गुरुवार को सुरक्षा जागरूकता संवाद कार्यक्रम व प्लांट प्लाजा रोड पर विशेष मानव शृंखला का आयोजन किया गया. उद्देश्य कर्मियों में सुरक्षा चेतना को सशक्त बनाना रहा. मुख्य अतिथि अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त ने एसएमएस-न्यू विभाग में कार्यरत कर्मियों व ठेका श्रमिकों से संवाद किया. श्री दत्त ने सभी कर्मियों से सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने और प्रत्येक परिस्थिति में सतर्क रहने का आह्वान किया. कहा कि सुरक्षित, स्वस्थ व दुर्घटना-मुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही सतत उत्पादन और संगठन की प्रगति की आधारशिला है. संवाद सत्र के दौरान उन्होंने उपस्थित कर्मियों से सुरक्षा से संबंधित सुझाव व फीडबैक प्राप्त किये. अनुभव भी साझा किये. ‘शून्य-दुर्घटना कार्यस्थल’ की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सुरक्षित कार्य परिवेश को और अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा ‘शून्य-दुर्घटना कार्यस्थल’ की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया. वहीं, प्लांट प्लाजा रोड पर आयोजित मानव शृंखला के माध्यम से सुरक्षा संदेशों से युक्त तख्तियों के माध्यम से सड़क व कार्यस्थल दोनों पर सतर्कता, अनुशासन व जिम्मेदार व्यवहार का सशक्त संदेश दिया गया. मौके पर मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) बीके सरतापे, मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-न्यू) पीवी राव सहित एसएमएस-न्यू व सुरक्षा अभियंत्रण विभाग के अधिकारी, कर्मी व ठेका श्रमिक उपस्थित थे.