Bokaro News : मार्च तक अस्पताल भवन का काम पूरा करने का निर्देश

Bokaro News : सेक्टर-12 में बन रहे सरकारी अस्पताल का निरीक्षण अपर मुख्य सचिव ने किया.

By JANAK SINGH CHOUDHARY | June 10, 2026 11:50 PM

सेक्टर-12 में बन रहे सरकारी अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) का निरीक्षण बुधवार को अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने किया. परियोजना से जुड़े विभिन्न भवनों व आधारभूत संरचना का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारी व एजेंसी को दिशा-निर्देश दिये. अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल भवन, मेडिकल कॉलेज भवन, ऑडिटोरियम, गेस्ट हाउस, गर्ल्स हॉस्टल, बॉयज हॉस्टल, इंटर्न हॉस्टल, नर्स हॉस्टल, रेजिडेंट डॉक्टर हॉस्टल, कम्युनिटी सेंटर, स्टूडेंट रिक्रिएशन सेंटर, पेशेंट रिलेटिव एकोमोडेशन, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, इटीपी, अंडरग्राउंड वाटर टैंक समेत अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं की प्रगति की क्रमवार समीक्षा की. अस्पताल भवन (हॉस्पिटल बिल्डिंग) को मार्च 2027 तक और शेष सभी कार्यों को चरणबद्ध जुलाई-अगस्त 2027 तक पूरा करने को कहा, ताकि शैक्षणिक सत्र 2027-28 से मेडिकल कॉलेज में नामांकन व शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो सके.

अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल के विभिन्न वार्ड, लेक्चर थिएटर व अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का भी अवलोकन किया. उन्होंने गुणवत्ता, उपयोगिता व मानक के अनुरूप आवश्यक सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. अस्पताल परिसर में एक पूर्ण फ्लोर पर 50 बेड का डेडिकेटेड पेइंग वार्ड विकसित करने का निर्देश दिया. साथ ही,

सभी प्रवेश व निकास द्वारों की व्यवस्था का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार करने को कहा.

पद सृजन प्रक्रिया शीघ्र होगी शुरू

निरीक्षण क्रम में अपर मुख्य सचिव ने बताया गया कि परियोजना का निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है. डॉक्टर क्वार्टर को आवश्यकतानुसार मॉडिफाई करने का निर्देश दिया गया है. मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पद के सृजन की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जायेगी.

उपायुक्त नियमित रूप से कार्य प्रगति की करेंगे समीक्षा

अपर मुख्य सचिव ने

उपायुक्त अजय नाथ झा को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल परियोजना की नियमित रूप से प्रगति समीक्षा करने व निर्धारित समय-सीमा के अंदर सभी कार्यों को पूर्ण कराने के लिए सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मौके पर संयुक्त सचिव एलएम शुक्ला, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, सिविल सर्जन डॉ एबी प्रसाद, भवन निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह तथा केएमवी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद थे.