प्रभात खबर में छपी खबर पर फिर कार्रवाई हुई है. 15 जून के अंक में प्रकाशित खबर पर डीसी अजयनाथ झा ने संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर बुजुर्ग आदिवासी दंपती प्रधा मांझी व उनकी पत्नी चंपा देवी की सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत हुई. दंपती जरीडीह प्रखंड अंतर्गत टांड़बालीडीह पंचायत के गितिलटांड़ गांव का रहने वाला है. डीसी के निर्देश के बाद जरीडीह प्रखंड प्रशासन ने मामले की जांच की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए कुछ घंटों में ही पेंशन की स्वीकृति दी. डीसी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक उनका लाभ पहुंचाना है. समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है.