Bokaro News : भाजपा का जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

Bokaro News : बोकारो में भाजपा जिला कमेटी का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ.

By JANAK SINGH CHOUDHARY | May 27, 2026 11:47 PM

भाजपा जिला कमेटी का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सेक्टर 04 स्थित निजी वैंक्वेट में शुरू हुआ. इसमें जिला समिति के पदाधिकारी, मंच-मोर्चा के पदाधिकारी, प्रदेश स्तर के पदाधिकारी समेत 160 वरीय व नये कार्यकर्ता शामिल हुए. पार्टी की विचारधारा से लेकर केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं तक की चर्चा हुई. पहले दिन सात सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया. सोशल मीडिया को लेकर विशेष सत्र हुआ, लेकिन हर सत्र में इसकी चर्चा जरूर हुई.

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया. चित्र प्रदर्शनी में भाजपा के इतिहास से लेकर वर्तमान तक का वर्णन था. श्री साहू ने मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी दी. उन्होंने लगभग एक घंटा तक विभिन्न योजनाओं व लाभार्थी वर्ग के बारे में बताया. कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है. ऐसे प्रशिक्षण शिविर संगठन को मजबूत बनाने के माध्यम हैं. कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, सेवा भाव व राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को बढ़ाते हैं. यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा व राष्ट्रसेवा को मजबूत करने का अभियान है.

प्रदेश अध्यक्ष ने इशारे-इशारे में पार्टी में एकता बनाये रखने की बात की. वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में बोकारो जिला में पार्टी के खराब प्रदर्शन को अंदरखाने की राजनीति से जोड़कर बताया. साथ ही चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद चुनाव में पार्टी की कम मार्जिन से हुई हार को भी बिखराव से जोड़कर देखा गया. कहा गया कि दिल से भाजपाई बने. ऐसा नहीं होना चाहिए कि पूरे साल भाजपा-भाजपा करते रहे और मनपसंद उम्मीदवार नहीं मिलने पर शांत हो जाये. प्रशिक्षण शिविर में साफ किया गया कि आगामी पंचायत चुनाव और 2029 में लोकसभा व विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए एक विचार परिवार की तरह लड़ना होगा. धनबाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि विचारों की मजबूती ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है. विचार के कारण ही कार्यकर्ता संगठन में बने रहते हैं और विचार के कारण ही लोग संगठन से जुड़ते हैं. पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय व राष्ट्रसेवा का विचार भाजपा कार्यकर्ताओं को जनहित में काम करने का प्रेरणा देता है. मौजूदा केंद्र सरकार उनके विचार को आत्मसात करते हुए समाज के सबसे नीचे पायदान पर खड़े लोगों के लिए काम कर रही है. प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को आम लोगों के बीच सक्रिय रहने की जरूरत है. पार्टी की नीति को आम लोगों तक पहुंचायें. आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर काम करें. आम लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए पार्टी सदन में सवाल भी उठायेगी, सड़क पर आंदोलन भी करेगी. धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि हर कार्यकर्ता में दायित्व बोध का होना जरूरी है. राष्ट्र निर्माण व समाज के प्रति जवाबदेही को पूरा करें.

इन विषयों पर इन्होंने किया मार्गदर्शन

मोदी सरकार की योजनाओं पर आदित्य साहू, वैचारिक अधिष्ठान पर बालमुकुंद सहाय, विचार परिवार पर अमरदीप यादव, कार्यकर्ता विकास, संभाल व दायित्व बोध पर पीएन सिंह, सोशल मीडिया पर अशोक बड़ाईक, बूथ प्रबंधन, स्थायी कार्यक्रम व मन की बात विषय पर बबन गुप्ता और कार्य विस्तार की दृष्टि विषय पर सरोज सिंह ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया.

ये थे मुख्य रूप से मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज ने की. मौके पर पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, पूर्व जिलाध्यक्ष अंबिका ख्वास, प्रह्लाद महतो, रोहित लाल सिंह, बिनोद महतो, जयदेव राय, जिला महामंत्री संजय त्यागी, ओम प्रकाश सिंह आदि मौजूद थे.