वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार में क्रिकेट प्रतिभाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है. कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस व कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमें अपने-अपने राज्यों की पहचान बन चुकी हैं. इसी तरह बिहार की भी क्रिकेट टीम होनी चाहिए. बिहार की मिट्टी ने एक से बढ़ कर एक शानदार क्रिकेट खिलाड़ी दिये हैं. पटना में जन्मे ईशान किशन ने सबसे कम गेंदों में ओडीआइ डबल सेंचुरी लगाकर इतिहास रचा. समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी सबसे कम उम्र में आइपीएल डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हुए. गोपालगंज के साधारण परिवार से निकले साकिब हुसैन की गेंदबाजी आज पूरी दुनिया का ध्यान खींच रही है. इसके बावजूद बिहार को क्रिकेट में वह पहचान और मंच अब तक नहीं मिल पाया. श्री अग्रवाल ने कहा कि मेरा सपना और प्रयास रहा है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले. बिहार की क्रिकेट टीम और यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए अनकंडिशनल सपोर्ट दिया जायेगा.