डीवीसी अस्पताल चंद्रपुरा की ओर से शुक्रवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, राजबेड़ा में स्वास्थ्य व जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में निपाह वायरस को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया. डॉ ए तिग्गा ने कहा कि निपाह वायरस जानवरों से इंसानों में फैलता है तथा सीमित परिस्थितियों में संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भी फैल सकता है. बचाव के उपायों पर ध्यान दिया जाये तो संक्रमण से बचा जा सकता है. निपाह वायरस का असर मुख्य रूप से दिमाग पर पड़ता है. इसके लक्षणों में बुखार, सिर व बदन दर्द के साथ-साथ सांस लेने में दिक्कत शामिल है. संक्रमण से बचाव के लिए सफाई पर विशेष ध्यान देने और चमगादड़ सहित अन्य जानवरों से दूर रहने की सलाह दी गयी. मौके पर अस्पताल के दीपेन नायक, विद्यालय के शिक्षक भागीरथ हेंब्रम, प्रकाश कुमार, महेश महतो, कविता कुमारी, निशा सहित अन्य मौजूद थे.