Bokaro News : ओवरलोड वाहनों पर होगी कार्रवाई

Bokaro News : कोयला और छाई की ओवरलोड ढुलाई करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा जायेगा.

By JANAK SINGH CHOUDHARY | January 30, 2026 11:15 PM

कोयला और छाई की ओवरलोड ढुलाई करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा जायेगा. बेरमो विधायक कुमार जयमंगल द्वारा की गयी लिखित शिकायत के बाद बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ ने सीसीएल के कथारा, ढोरी व बीएंडके एरिया तथा डीवीसी के बोकारो थर्मल व चंद्रपुरा के महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर नियमों को सख्ती लागू करने का आदेश दिया है. बेरमो विधायक ने एसडीएम को लिखे पत्र में कहा था कि ढोरी, बीएंडके व कथारा एरिया की कोलियरियों से कोयला ढुलाई करने वाले वाहन ओवरलोड चल रहे हैं. वाहनों को तिरपाल से नहीं ढंका जा रहा है. इसके कारण सड़कों पर कोयले के टुकड़े और डस्ट गिरते है. इससे सड़कों की हालत खराब हो रही है और राहगीरों को परेशानी हो रही है. दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ रही हैं. एसडीएम ने गुरुवार को संबंधित संस्थानों को कड़े निर्देश जारी किये हैं. कहा कि किसी भी परिस्थिति में ओवरलोड वाहनों का परिचालन नहीं होगा. काेयला लोड व खाली वाहनों को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढंकना होगा. नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित संस्थान और वाहन मालिक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.