Monsoon Rain Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक अगले दो दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है. अगर ऐसा होता है तो पिछले पांच सालों में इस बार मानसून सबसे देर से दिल्ली पहुंचेगा. आईएमडी ने बताया कि अगले दो दिनों में मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है.
3 से 4 जुलाई तक मानसून के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पालावत के मुताबिक, मानसूनी ट्रफ इस समय पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. उन्होंने कहा कि 2 और 3 जुलाई से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में बारिश बढ़ेगी और 3 या 4 जुलाई के आसपास मानसून दिल्ली और आसपास के इलाकों में पहुंच सकता है. आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 2020 में मानसून 25 जून, 2021 में 13 जुलाई, 2022 में 30 जून, 2023 में 25 जून, 2024 में 28 जून और पिछले साल 29 जून को दिल्ली पहुंचा था.
बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी (IMD Rain Alert)
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ने की संभावना है. गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
देश के कई हिस्सों में पहुंच चुका है मानसून
बुधवार को मानसून ने उत्तर अरब सागर, गुजरात, पूरे दमन और दीव, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा-पंजाब के कुछ इलाकों में भी अपनी पहुंच बना ली. मौसम विभाग के अनुसार, एक जुलाई को मानसून की उत्तरी सीमा पोरबंदर, वल्लभ विद्यानगर, शाजापुर, नौगांव, मिर्जापुर, आजमगढ़, अयोध्या, बदायूं, मेरठ, करनाल और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है.
बुधवार को नहीं हुई खास बारिश
बुधवार सुबह से शाम तक दिल्ली के किसी भी मौसम केंद्र में मापने योग्य बारिश दर्ज नहीं की गई. हालांकि, सफदरजंग, पालम और आया नगर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि रिज इलाके में 0.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. राजधानी के सभी प्रमुख मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पालम, लोधी रोड, रिज और आया नगर में तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया.
Also Read: अगले 6 दिनों तक इन राज्यों में भारी बारिश, देशभर में मानसून का जोर, IMD ने जारी किया अलर्ट
