विक्रमशिला सेतु पर आज होगा ट्रायल, DM खुद बेली ब्रिज को करेंगे पार, इस दिन से चलेंगी गाड़ियां

Vikramshila Setu: भागलपुर जिले में विक्रमशिला सेतु पर गाड़ियों का परिचालन 7 जून से शुरू होने वाला है. जानकारी के मुताबिक, आज इसके लिए ट्रायल किया जाएगा. डीएम खुद गाड़ी से बेली ब्रिज पार करेंगे. लेकिन इस पुल पर बड़ी गाड़ियों का परिचालन नहीं हो सकेगा.

By Preeti Dayal | June 5, 2026 10:10 AM

Vikramshila Setu: बिहार के भागलपुर जिले में एक महीने पहले विक्रमशिला पुल का स्लैब गिरा था. अब इस पर गाड़ियों का परिचालन एक बार फिर शुरू होने वाला है. विक्रमशिला सेतु पर बने बेली ब्रिज से होकर सात जून से गाड़ियों का परिचालन शुरू हो जायेगा.

भागलपुर के डीएम ने क्या दी जानकारी?

इस तारीख पर फाइनल मुहर लगाते हुए भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि विक्रमशिला सेतु पर बनाए गए बेली ब्रिज पर सात जून को परिचालन शुरू कर दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि 6 जून को इस पुल गाड़ी चलाकर फाइल ट्रायल किया जायेगा. उन्होंने कहा कि वह खुद गाड़ी से इस बेली ब्रिज को पार करेंगे. ट्रायल के दिन कई गाड़ियों को बेली ब्रिज पर चलाया जायेगा.

दोनों ओर के बैरियर के पास पुलिस चेक पोस्ट को कड़े निर्देश

जानकारी के मुताबिक, बेली ब्रिज के दोनों ओर बन रहे बैरियर के पास पुलिस बल की तैनाती होगी. वहां चेक पोस्ट रहेगा. चेक पोस्ट को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस ब्रिज पर जितने मानक तय किए हैं, उतने मानक की गाड़ी को ही प्रवेश दिया जायेगा. इसके अलावा किसी भी बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक है.

गाड़ियों की अधिकतम रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तय

विक्रमशिला सेतु पर तैयार बेली ब्रिज की मजबूती और सुरक्षा का आकलन करने के बाद गाड़ियों की अधिकतम रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तय की गई है. तकनीकी परीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर अधिकारियों ने पुल पर गाड़ियों की गति को नियंत्रित रखने का निर्णय लिया है.

पुल पर दिन-रात हो रहा काम

इस सेतु को जल्द चालू करने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), पुल निर्माण निगम और विभाग के इंजीनियर दिन-रात काम कर रहे हैं. गाड़ियों के संचालन को सुरक्षित बनाने के लिए पहुंच पथ (अप्रोच रोड) के निर्माण और पुल के एंगल्स की मरम्मत की जा रही है. इसके साथ ही कोटा केबिनों की स्थापना, सड़कों पर लाइनिंग-मार्किंग और सिंगल लेन मॉनिटरिंग जैसे कामों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

Also Read: बिहार के सरकारी बसों में लगेंगे फेस डिटेक्टर, गलत हरकत भी LED TV पर दिखेगा, AI से होगी निगरानी