वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट.
Supaul Road Accident: शनिवार की सुबह बेला-बसमतिया सड़क पर सामान्य दिनों की तरह आवाजाही जारी थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही क्षणों में यहां एक भीषण सड़क हादसा हो जाएगा. भैरवगंज के समीप अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े.
बसमतिया थाना क्षेत्र के भैरवगंज के पास हुए इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को बसमतिया ग्राम एंबुलेंस की सहायता से वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार की सुबह तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने सड़क पर चल रहे एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही तीन लोग घायल हो चुके थे.
घायलों की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत सिसवा निवासी 38 वर्षीय सरफराज आलम, परमानंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-06 निवासी 35 वर्षीय हरीलाल राम और 30 वर्षीय शंभू राम के रूप में हुई है.
Supaul Road Accident: स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. लोगों ने बिना समय गंवाए घायलों को सड़क से उठाया और एंबुलेंस की मदद से वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल भेजा.
स्थानीय लोगों की इस तत्परता से घायलों को समय पर इलाज मिल सका. घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. सौरभ सुमन ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है. हालांकि शंभू राम की स्थिति गंभीर बनी हुई है. उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने शंभू राम को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है. अन्य दो घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.
इसे भी पढ़ें: बिहार को मोदी सरकार ने दिया 2900 करोड़ का तोहफा, जानिए कैसे खर्च होगा पैसा और क्या है 50-50 का फॉर्मूला?
