Siwan Online Fertilizer Distribution: सीवान जिले में किसानों के लिए खाद वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली लागू कर दी गई है. अब किसानों को उर्वरक खरीदने से पहले निर्धारित पोर्टल या मोबाइल ऐप पर पंजीकरण कर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी. बुकिंग के बाद मिलने वाले QR Code के आधार पर निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित उर्वरक विक्रेता से खाद उपलब्ध करायी जायेगी.
Siwan Online Fertilizer Distribution: 4 लाख से ज्यादा किसान हैं पंजीकृत
जिले में चार लाख से अधिक किसान पंजीकृत हैं. कृषि विभाग के अनुसार, नयी व्यवस्था का उद्देश्य खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाना, वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना और वास्तविक किसानों तक समय पर उर्वरक पहुंचाना है. ऑनलाइन बुकिंग के दौरान किसानों को आधार नंबर, मोबाइल नंबर, भूमि संबंधी विवरण समेत आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी. बुकिंग सफल होने के बाद किसानों के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से पुष्टि और वितरण की सूचना भेजी जायेगी.

Siwan Farmer News: 2100 से अधिक किसानों ने कराई ऑनलाइन बुकिंग
जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि 18 जून से QR Code आधारित ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग एवं वितरण प्रणाली लागू कर दी गयी है. किसान खाद के लिए रूपरेखा ऐप के माध्यम से घर बैठे खाद बुक कर सकते हैं और QR Code दिखाकर चयनित विक्रेता से उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं. अब तक 2100 से अधिक किसान ऑनलाइन बुकिंग करा चुके हैं, जबकि 700 से अधिक किसानों को खाद का वितरण भी किया जा चुका है.
सीवान की खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
Siwan News: तीन दिन तक मान्य रहेगा QR Code
सीवान डीएओ ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद जारी QR Code की वैधता केवल तीन दिन होगी. इसलिए किसानों को निर्धारित समय के भीतर संबंधित विक्रेता से खाद प्राप्त करना होगा. यह व्यवस्था चालू खरीफ सीजन से प्रभावी कर दी गयी है.
सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे CSC और कृषि कार्यालय
ऑनलाइन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी होने पर किसान प्रखंड कृषि कार्यालय, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और कृषि समन्वयकों की सहायता ले सकते हैं. कृषि विभाग ने किसानों से केवल अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं से ही खाद लेने और समय रहते ऑनलाइन बुकिंग कराने की अपील की है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना ऑनलाइन बुकिंग के खाद का वितरण नहीं किया जायेगा.
Also Read: सीवान शिक्षा विभाग में फेरबदल, तीन नए कार्यक्रम पदाधिकारी की तैनाती, जानिए किसे मिली जिम्मेदारी
