Siwan News: सीवान जिले के गोरेयाकोठी विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर में विकास की दिशा में सोमवार को एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई. जिससे बसंतपुर प्रखंड को एक नई और आधुनिक प्रशासनिक पहचान मिल गई है. स्थानीय विधायक देवेश कान्त सिंह के सतत और नीतिगत प्रयासों से स्वीकृत बसंतपुर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास सोमवार को महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं विधायक देवेश कान्त सिंह ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया.
14.75 करोड़ की आएगी लागत
भवन निर्माण विभाग से मिली तकनीकी जानकारी के अनुसार, इस भव्य और सर्वसुविधायुक्त प्रशासनिक भवन के निर्माण पर कुल 14 करोड़ 75 लाख 11 हजार 798 रुपये की सरकारी लागत आएगी. शिलान्यास समारोह के ठीक बाद प्रखंड परिसर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया. जनसभा को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता ग्रामीण स्तर तक बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और सुदृढ़ आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना है.
योजनाओं के क्रियान्वयन में आएगी गति
सांसद ने जनसभा में कहा कि बसंतपुर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का यह नया बनने वाला भवन इसी जन-कल्याणकारी सोच का सीधा परिणाम है. आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह युक्त इस बहुमंजिला भवन के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधे लाभ मिलेगा तथा सभी लोक-कल्याणकारी सरकारी योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन में और अधिक पारदर्शिता व गति आएगी. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सरकार के समन्वित प्रयासों से गोरेयाकोठी क्षेत्र लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है.
विधायक के प्रयासों से मिली स्वीकृति
इस मौके पर विधायक देवेश कान्त सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि जनता के असीम आशीर्वाद से विधायक बनने के बाद से ही उनकी मुख्य प्राथमिकता क्षेत्र में मजबूत प्रशासनिक आधारभूत संरचना का निर्माण कराना रही है. उन्होंने बताया कि बसंतपुर, गोरेयाकोठी एवं लकड़ी नबीगंज प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों के नए भवनों के निर्माण के लिए उन्होंने बिहार सरकार को कई बार आधिकारिक पत्राचार किया, बिहार विधानसभा के सत्र में तारांकित प्रश्न उठाए और बजटीय अनुशंसा की थी.
लकड़ी नबीगंज के लिए भी मंजूरी
विधायक ने आगे बताया कि इन्हीं निरंतर प्रयासों का सुखद परिणाम है कि आज बसंतपुर में नए भवन का शिलान्यास हो रहा है तथा इसके साथ ही लकड़ी नबीगंज प्रखंड के लिए भी सरकारी कर्मचारी एवं पदाधिकारी आवास सहित भव्य प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निर्माण की वित्तीय प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है. नया भवन पूरी तरह अस्तित्व में आने से आम लोगों को एक ही सुरक्षित परिसर में बेहतर, सुगम, भ्रष्टाचार मुक्त एवं प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध होने लगेंगी.
समारोह में कई गणमान्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष (पूर्वी) रंजीत प्रसाद ने की. इस ऐतिहासिक शिलान्यास के मौके पर मुख्य पार्षद अमित कुमार, उप मुख्य पार्षद अरुण सिंह, बीडीओ मनीष कुमार श्रीवास्तव, ईओ मोहम्मद कामरान, रामकुमार सिंह, अवधेश पांडेय, मंडल अध्यक्ष अमरनाथ शर्मा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष बैद्यनाथ महतो, देवेन्द्र गिरी, वसी अहमद खान, गुड्डू सिंह, भिखारी सिंह, पवन सिंह, अखिलेश सिंह, सुजीत पांडेय, दिलीप सिंह, मृत्युंजय सिंह, यशवंत सिंह, नवल सिंह, राजकिशोर सिंह, अनिल मांझी, संजय पासवान, प्रमोद श्रीवास्तव सहित वार्ड पार्षद संजय कुमार, बीरेश राम और भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे.
Also Read: सीवान: पूर्व सांसद के बेटे और क्रिकेटर को फोन पर जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
