सीवान से राजन कुमार की रिपोर्ट
Siwan Animal Meat Recovered: सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के मझौली चौक पर रविवार को अवैध रूप से पशु मांस ले जा रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. दोनों युवक बाइक पर बोरी में मांस लेकर जा रहे थे. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने उनकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया.
मझौली चौक पर लोगों ने पकड़े दोनों युवक
रविवार को मझौली चौक के समीप लोगों को दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. जांच करने पर बाइक पर रखी दो बोरियों में मांस मिला. इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया.
यूपी से सीवान लाई जा रही थी खेप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव निवासी गुड्डू अली और कौशर अली के रूप में हुई है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सोहनपुर से मांस लेकर सीवान की ओर जा रहे थे.
बरामद मांस का लिया गया सैंपल
मामले की सूचना मिलते ही मैरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार को बुलाया. पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर बरामद मांस का सैंपल लिया और जांच के लिए भेज दिया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध रूप से पशु मांस के परिवहन और बिक्री से संबंधित मामला दर्ज किया है. घटना में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि बरामद मांस की वास्तविक प्रकृति और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: सीवान पुलिस पर पथराव, ASI सहित 3 पुलिसकर्मी घायल, जानिए अचानक क्यों भड़के ग्रामीण
