सीवान.सोमवार को प्रभात खबर में खबर कुंभ स्पेशल ट्रेनों को छोड़ कर अन्य ट्रेनों का क्राउड मैनेजमैंट भगवान भरोसे छपने के बाद जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने सीवान जंक्शन पर क्राउड मैनेजमैंट का जायजा लिया.डीएम व एसपी ने कुंभ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेल अधिकारियों से विचार विमर्श करने के बाद संभावित घटनाओं से निबटने के संबंध में दिशा निर्देश दिये. डीएम ने कुंभ मेला तक सीवान जंक्शन,मैरवा एवं दरौंदा स्टेशन परिसर में फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस तैनात करने का आदेश दिया.साथ ही उन्होंने रेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्म से भवन निर्माण सामग्री एवं छोटे -छोटे ईंट पत्थर शीघ्र हटवा दे. डीएम एवं एसपी ने निर्देश दिया कि जब प्लेटफार्म पर क्षमता की एक तिहाई भीड़ इकठ्ठा हो जाए तो अलर्ट मोड में आ जायें.उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में डीएसपी एवं एसडीएम भी मौजूद रहेंगे.प्लेटफार्म पर भीड़ को कम करने के लिए निरंतर टिकट जांच एवं सीमित संख्या में प्लेटफार्म टिकट बेचने का निर्देश दिया गया. दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि कही भी यात्रियों की भीड़ को इकट्ठा नहीं होने देने है.साथ ही प्लेटफार्म पर आने एवं जाने के रास्ते को निर्धारित करते हुए जांच करने का निर्देश दिया गया.इधर विशेष परिस्थिति में घटना होने पर पीड़ित व्यक्तियों की मदद करने के उदेश्य से एसडीएम के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं रेल अधिकारियों की आपदा प्रबंधन पर एक बैठक हुई.बैठक में दुर्घटना होने की स्थिति पर कैसे लोगों की मदद की जायेगी,इस पर रणनीति बनायी गयी. दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों को सदर अस्पताल के जाने में परेशानी नहीं हो इसके लिए ट्रैफिक एवं नगर थाने की पुलिस की जवाबदेही तय की गयी. रेलवे स्टेशनों पर तैनात किये गये दंडाधिकारी एवं पुलिस बल 28 फरवरी तक सीवान जंक्शन, जीरादेई, मैरवा, दरौंदा एवं महाराजगंज रेलवे स्टेशनों पर पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति जिला पदाधिकारी सीवान एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा जारी संयुक्त आदेश के जरिए कर दी गई है.सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे सीवान जंक्शन, जीरादेई, मैरवा, दरौंदा एवं महाराजगंज रेलवे स्टेशन पर आने एवं जाने वाले ट्रेनों पर श्रद्धालुओं के भीड़ को नियंत्रित रखेंगे .प्रयागराज जाने वाली ट्रेन से संबंधित सूचना पूर्व में संग्रहण करेंगे तथा यात्रियों की संख्या अधिक होने पर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को ससमय सूचना देते हुए यह यथोचित कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे.साथ ही इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या- 06154-242000 पर भी देंगे. नियंत्रण कक्ष में रहेगी मेडिकल टीम सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि वे सीवान जंक्शन मैरवा एवं दरौंदा रेलवे स्टेशनों पर स्थापित नियंत्रण कक्ष में चिकित्सा व्यवस्था हेतु 24 घंटे चिकित्सा, एंबुलेंस तथा चिकित्सा के लिए आवश्यकतानुसार जरूरी चिकित्सा के उपकरणों के साथ मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति करें. सीवान जंक्शन, मैरवा एवं दरौंदा रेलवे स्टेशनों पर तैनात किए गए अग्निशमन वाहन एवं प्रशिक्षित कर्मी जिला अग्निशाम पदाधिकारी सीवान को निर्देश दिया गया है कि वे सीवान जंक्शन, मैरवा एवं दरौंदा रेलवे स्टेशनों पर उक्त निर्धारित तिथियां को 24 घंटे प्रशिक्षित कर्मी के साथ एक अग्निशमन वाहन की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे. डीएम एवं एसपी ने अपने संयुक्त आदेश में निर्देश दिया है कि अनुमंडल पदाधिकारी सीवान सदर, महाराजगंज,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1,सीवान सदर-2, मैरवा एवं महाराजगंज अपने स्तर से प्रतिनिधित्व दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग करना सुनिश्चित करेंगे. आरपीएफ एवं जीआरपी के साथ रेल अधिकारी भी दिखे क्राउड मैनेजमैंट करते प्रभात खबर में खबर छपने के बाद सोमवार को सीवान जंक्शन पर आरपीएफ एवं जीआरपी के साथ रेल अधिकारी भी क्राउड मैनेजमैंट करते दिखाई दिए.स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुमार,डीसीआइ विशाल कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ाया.वाणिज्य अधीक्षक उपेंद्र कुमार सिंह के देखरेख में पूछताछ काउंटर के ट्रेनों की सही जानकारी यात्रियों को दी जा रही थी.पूछताछ काउंटर के समीप प्रकाश की व्यवस्था कर दी गई.यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए सर्कुलेटिंग एरिया में होल्डिंग एरिया बनाया गया.प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक लोगों की भीड़ नहीं आए इसके लिए सभी निकास द्वार पर टिकट जांच शुरू कर दी गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
