Sitamarhi Cyber Fraud: सीतामढ़ी जिले में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है. शहर के जानकी स्थान, रोगा रोड वार्ड संख्या-08 निवासी राज कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके एचडीएफसी बैंक खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना 4,26,618 रुपये ऑनलाइन निकाल लिए गए. पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाना, डुमरा में दर्ज कराई है.
यह भी पढ़ें: हर साल क्यों डूब जाता है मुजफ्फरपुर? नेपाल से लेकर बूढ़ी गंडक तक जानिए बाढ़ की पूरी कहानी
क्रेडिट कार्ड से लोन लेकर भी खाते में डाली रकम
पीड़ित के अनुसार, घटना 13 जून 2026 की है. ठगों ने पहले उनके क्रेडिट कार्ड से करीब 1.30 लाख रुपये का लोन लिया. इसके बाद वह राशि खाते में डालकर अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए पैसे निकाल लिए.
राज कुमार का कहना है कि उन्होंने किसी भी ट्रांजेक्शन की अनुमति नहीं दी थी.
बैंक की दैनिक लिमिट से ज्यादा निकासी पर सवाल
पीड़ित ने आवेदन में बताया कि उनके बैंक खाते की दैनिक लेनदेन सीमा एक लाख रुपये निर्धारित है. इसके बावजूद एक ही दिन में इससे कहीं अधिक राशि निकल गई.
उन्होंने सवाल उठाया है कि बैंक की निर्धारित सीमा के बावजूद इतनी बड़ी निकासी कैसे संभव हुई. इस बिंदु की भी जांच की मांग की गई है.
यह भी पढ़ें: बगहा में 2 महीने से जल रहा कचरा, जहरीले धुएं से ग्रामीण बेहाल; एसडीएम से कार्रवाई की मांग
कई ट्रांजेक्शन में निकाली गई रकम
आवेदन के अनुसार अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए निम्न राशि निकाली गई.
| ट्रांजेक्शन | राशि |
|---|---|
| पहला | ₹98,000 |
| दूसरा | ₹1,10,000 |
| तीसरा | ₹68,995 |
| चौथा | ₹20,000 |
| पांचवां | ₹99,000 |
| छठा | ₹30,000 |
जांच के दौरान एक ट्रांजेक्शन में कथित तौर पर कुंदन कुमार नामक व्यक्ति का बैंक खाता सामने आने की बात आवेदन में कही गई है.
एक ट्रांजेक्शन की राशि हुई वापस
पीड़ित ने बताया कि 1,10,253.53 रुपये की एक संदिग्ध ट्रांजेक्शन राशि बाद में उनके खाते में वापस क्रेडिट कर दी गई. हालांकि बाकी रकम अब भी वापस नहीं मिली है.
बैंक और राष्ट्रीय पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
राज कुमार ने घटना की जानकारी तत्काल एचडीएफसी बैंक को दी. बैंक में ऑनलाइन शिकायत संख्या 01226172003126 दर्ज की गई.
इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत संख्या 30506260077629 दर्ज कराई गई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित ने साइबर थाना से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और खाते से निकाली गई शेष राशि वापस दिलाने की मांग की है.
फिलहाल पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: कभी शराबियों की गली कहलाने वाली यह जगह, अब शिक्षा और कारोबार का नया हब बन गई है
