शेखपुरा: डॉक्टर्स डे पर बरबीघा में चिकित्सकों का सम्मान, पौधारोपण और रक्तदान शिविर का आयोजन

Sheikhpura News: डॉक्टर्स डे पर बरबीघा रेफरल अस्पताल में रोटरी क्लब ऑफ शेखपुरा सेंट्रल ने चिकित्सकों का सम्मान किया. कार्यक्रम में पौधारोपण, रक्तदान शिविर और विद्यार्थियों के बीच अध्ययन सामग्री का वितरण भी किया गया.

By Vikash Jha | July 1, 2026 10:26 PM

Sheikhpura News: नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर बुधवार को रोटरी क्लब ऑफ शेखपुरा सेंट्रल की ओर से रेफरल अस्पताल बरबीघा परिसर में चिकित्सकों के लिए भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के दो दर्जन से अधिक चिकित्सकों को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा एवं समाज के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के साथ-साथ पौधारोपण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें रोटेरियन एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.

सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में पूर्व सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह, डॉ. मृगेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. के. पुरुषोत्तम, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. फैजल अरशद, डॉ. आनंद कुमार, डॉ. नूर फातिमा, डॉ. रितु कुमारी, डॉ. गौरव कुमार, डॉ. विपिन बिहारी, डॉ. रामाश्रय प्रसाद सिंह, डॉ. अक्षय कुमार सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे.

चिकित्सक का पेशा मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम

सभी होनहार चिकित्सकों को रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोहित प्रसाद सिंह, सचिव संजय कुमार, प्रिंस पीजे, आदर्श विद्या भारती के प्राचार्य संजीव कुमार एवं अन्य रोटेरियनों ने मंच पर सम्मानित किया. इस अवसर पर पूर्व सिविल सर्जन मृगेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सक का पेशा केवल रोजगार नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है.

मरीज की मुस्कान और स्वस्थ जीवन ही डॉक्टर के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार होता है. समाज में डॉक्टरों के प्रति सम्मान और विश्वास हमेशा बना रहना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोहित प्रसाद सिंह ने कहा कि डॉक्टर दिन-रात लोगों की सेवा में लगे रहते हैं, इसलिए यह दिन हमारे समाज में उनके निस्वार्थ योगदान और कड़ी मेहनत को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है.

शेखपुरा: डॉक्टर्स डे पर बरबीघा में चिकित्सकों का सम्मान, पौधारोपण और रक्तदान शिविर का आयोजन 3

रक्तदान से बढ़ती है शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता

गौरतलब हो कि इस सम्मान समारोह से पूर्व अस्पताल परिसर के खाली भूभाग में फलदार और छायादार अनेक पौधे भी लगाए गए. इसके अलावा आयोजित हुए स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में कुल सात लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की. इस अवसर पर डॉ. आनंद कुमार ने भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि रक्तदान करने से रक्तदाता के अंदर किसी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि शरीर में नए रक्त का निर्माण होने से रोग प्रतिरोधक क्षमता काफी बढ़ती है. उन्होंने वैज्ञानिक लाभ बताते हुए कहा कि नियमित रक्तदान करने वाले व्यक्ति को ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बेहद कम रहता है. रोटरी क्लब के द्वारा इस नेक कार्य के लिए सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित भी किया गया.

शेखपुरा: डॉक्टर्स डे पर बरबीघा में चिकित्सकों का सम्मान, पौधारोपण और रक्तदान शिविर का आयोजन 4

सचिन शेरगिल ने 30 साल की उम्र में 27 बार किया रक्तदान

इस मौके पर उपस्थित रोटेरियन सचिन शेरगिल ने अपनी प्रेरणादायी कहानी साझा करते हुए कहा कि उनकी उम्र महज 30 साल है, लेकिन वे अब तक 27 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर चुके हैं. उनकी इस अद्भुत और मानवीय उपलब्धि के लिए समारोह में मौजूद लोगों ने देर तक ताली बजाकर उनका उत्साह वर्धन किया. इस पूरे सेवा कार्यक्रम का भव्य समापन राजोपुर मध्य विद्यालय में गरीब बच्चों के बीच आवश्यक पठन-पाठन की सामग्री वितरित करके की गई. रोटरी के अध्यक्ष ने अंत में कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम संगठन द्वारा लगातार आयोजित किए जाएंगे. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सकों, रोटेरियनों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही.

Also Read: बदलने लगी श्याम सरोवर पार्क की तस्वीर, बदबू से राहत, सौंदर्यीकरण का काम तेज