शेखपुरा में बोले ASP डॉ. राकेश कुमार, मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन जरूरी, तभी मजबूत होगा लोकतंत्र

Sheikhpura News : बरबीघा के डीएसवी विद्यालय में आयोजित सेमिनार में एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन ही लोकतंत्र को मजबूत बनाता है.

By Suryakant Kumar | July 5, 2026 9:04 PM

शेखपुरा से उमेश की रिपोर्ट
Sheikhpura News :
शेखपुरा के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत कुटौत गांव स्थित डीएसवी विद्यालय में रविवार को “मौलिक अधिकार और कर्तव्य” विषय पर एक भव्य और ज्ञानवर्धक सेमिनार का आयोजन किया गया. इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के एएसपी डॉ. राकेश कुमार उपस्थित हुए. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजवादी नेता शिवकुमार, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. के. पुरुषोत्तम, वरिष्ठ अधिवक्ता विपिन कुमार, प्रो. रमाकांत प्रसाद सिंह, डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सुधांशु शेखर, एसकेआर कॉलेज बरबीघा के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय कुमार और वरिष्ठ शिक्षक अरविंद मानव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर और उनके भव्य स्वागत के साथ हुई. इस दौरान आयोजकों द्वारा सभी आगंतुक अतिथियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना भेंट कर सम्मानित किया गया. मंच का कुशल संचालन डॉ. साधना कुमारी एवं शिक्षक कुणाल कुमार ने संयुक्त रूप से किया.

शेखपुरा में बोले asp डॉ. राकेश कुमार, मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन जरूरी, तभी मजबूत होगा लोकतंत्र 3

अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक: एएसपी डॉ. राकेश कुमार

इस अवसर पर सेमिनार में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, लेकिन इन अधिकारों की रक्षा और इनका वास्तविक लाभ तभी संभव है जब हर नागरिक अपने मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी ईमानदारी से पालन करे.

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से संविधान के प्रति जागरूक रहने, कानून का सम्मान करने और समाज में भाईचारे तथा कौमी एकता की भावना विकसित करने का आह्वान किया. उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकार और कर्तव्य वास्तव में एक-दूसरे के पूरक हैं तथा इनके बीच सही संतुलन से ही हमारा लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है.

युवाओं को समझनी होगी जिम्मेदारी

सेमीनार को संबोधित करते हुए समाजवादी नेता शिवकुमार ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, समान अवसर और मानवीय मूल्यों की मजबूत आधारशिला है. आज के युवाओं को संविधान की इस मूल भावना को अच्छी तरह समझते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए.

कर्तव्यों के ईमानदारी से पालन से सामाजिक समस्याओं का होगा समाधान : प्रो. रमाकांत

वरिष्ठ शिक्षाविद प्रो. रमाकांत प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मौलिक अधिकार जहां नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने की पूर्ण गारंटी देते हैं, वहीं मौलिक कर्तव्य राष्ट्र निर्माण की सही दिशा तय करते हैं. यदि देश का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी से करने लगे, तो देश की अधिकांश सामाजिक समस्याओं का समाधान स्वतः ही हो जाएगा. उन्होंने सभी विद्यार्थियों से संविधान का गहराई से अध्ययन करने और उसके आदर्शों को अपने व्यावहारिक जीवन में अपनाने की अपील की.

शेखपुरा में बोले asp डॉ. राकेश कुमार, मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन जरूरी, तभी मजबूत होगा लोकतंत्र 4

आयोजन में इनकी रही भूमिका

इस गरिमामयी कार्यक्रम के सफल आयोजन में मनोज कुमार के कुशल नेतृत्व के साथ-साथ डॉ. साधना कुमारी, आईआईटियन वैभव कुमार, एलएलबी के विद्यार्थी अभिनंदन कुमार, समाजसेवी रौशन कुमार और गुलशन कुमार सहित समिति के अन्य सदस्यों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस सेमिनार में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संविधान के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया.

Also Read : शेखपुरा में B.Tech छात्र हंसराज उर्फ राजा शनिवार से लापता, परिजनों में अनहोनी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी