भीषण गर्मी: शेखपुरा में स्कूलों को लेकर नया आदेश, कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई स्थगित

Sheikhpura Education News : जिलाधिकारी शेखर आनंद ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक के पठन-पाठन को स्थगित रखने का आदेश किया है.

By Rajeev Kumar | June 22, 2026 11:21 AM

शेखपुरा से निरंजन कुमार की रिपोर्ट
Sheikhpura Education News : गर्मी की छुट्टियों के बाद जिले में स्कूलों के पठन-पाठन 29 जून से सामान्य रूप से शुरू होने की संभावना थी, लेकिन भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने नया आदेश जारी कर दिया है.

29 जून तक पठन-पाठन स्थगित

पहली जून से ग्रीष्मावकाश के कारण सभी सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई स्थगित थी, जिसके बाद बच्चे छुट्टियां बिताकर विद्यालय लौटने की तैयारी में थे. लेकिन इसी बीच शेखपुरा के जिला दंडाधिकारी सह जिलाधिकारी शेखर आनंद ने अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक के पठन-पाठन को फिलहाल स्थगित रखने का आदेश जारी कर दिया है.

आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पठन-पाठन स्थगित रहेगा. यह आदेश 27 जून तक प्रभावी रहेगा.

जिला प्रशासन ने आदेश में कहा है कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

ऊपरी कक्षाओं के लिए समय निर्धारित

आदेश के अनुसार कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाओं का संचालन सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा.

प्रशासनिक निर्देश और प्रचार-प्रसार

जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा यह आदेश सोशल मीडिया के माध्यम से लगभग 11 बजे जारी किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आदेश के अनुपालन और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है.

बच्चों को हुई असुविधा

हालांकि आदेश देर से जारी होने के कारण कई छोटे बच्चे स्कूल पहुंच गए और बाद में उन्हें वापस लौटना पड़ा। इससे अभिभावकों और छात्रों को असुविधा का सामना करना पड़ा.

प्रशासन ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति सामान्य होने पर ही नियमित पठन-पाठन शुरू किया जाएगा.

Also Read : चांदी वृंदावन पहाड़ पर पांच दिवसीय योग शिविर जारी, डायबिटीज से लेकर कमर दर्द तक, योग है बेहतर स्वास्थ्य का आधार