नालंदा: खेत की मोरी देखने गया किसान करंट की चपेट आया, मौके पर ही गयी जान
Bihar Sharif News : मृतक की पहचान सूरजपुर निवासी स्वर्गीय सूरज गोप के 65 वर्षीय पुत्र राम लगन गोप के रूप में हुई है.
Bihar Sharif News : सिलाव थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव में सोमवार को खेत की मोरी देखने गए एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मृतक की पहचान सूरजपुर निवासी स्वर्गीय सूरज गोप के 65 वर्षीय पुत्र राम लगन गोप के रूप में हुई है.
घर से मोरी देखने के लिए घर से निकले थे
परिजनों के अनुसार, सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे राम लगन गोप अपने खेत की मोरी देखने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान खेत के पास स्थित एक विद्युत पोल में करंट प्रवाहित हो रहा था. किसी कारणवश उनका शरीर पोल के संपर्क में आ गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.
डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए तत्काल बीम्स अस्पताल, पावापुरी ले गए. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. घटना से पूरे सूरजपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया.
लोगों ने मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि विद्युत पोल में करंट प्रवाहित होने की समय पर जानकारी या सुरक्षा व्यवस्था होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था.
