रोहतास से मो. आरिफ खान की रिपोर्ट
School Closed in Rohtas: रोहतास जिले में भीषण गर्मी, उमस और तापमान में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा आठ तक के छात्र-छात्राओं को राहत दी है. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा प्री-स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियां 30 जून तक स्थगित करने का आदेश जारी किया है.
कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई पूर्व निर्धारित समय पर होगी
जारी आदेश के अनुसार कक्षा 9 से 12 तक की शैक्षणिक गतिविधियां पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संचालित होती रहेंगी. यह निर्णय केवल कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा.
बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए लिया गया निर्णय
जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और बढ़ते तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को लू और गर्मी से सुरक्षित रखना है.

शिक्षकों की उपस्थिति रहेगी अनिवार्य
आदेश के अनुसार विद्यालयों के सभी शिक्षकों को निर्धारित समय तक विद्यालय में उपस्थित रहना होगा. कोई भी शिक्षक दोपहर 12.30 बजे से पहले विद्यालय नहीं छोड़ेंगे. शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और संचालकों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें: रोहतास में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा, 18 केंद्रों पर इतने अभ्यर्थी हुए शामिल
